
जावद। राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार, कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण या अनुपस्थित रहे विद्यार्थियों के लिए पुन: परीक्षा (द्वितीय चरण) का आयोजन 16 जून से 22 जून तक किया जाएगा। यह परीक्षा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी।
जावद विकासखंड में इस पुन: परीक्षा के लिए कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों से क्षेत्र की 362 शालाओं को मैप किया गया है। शिक्षा विभाग के अनुसार, जावद ब्लॉक में कक्षा 5वीं के 274 और कक्षा 8वीं के 209 सहित कुल 483 विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला शिक्षा केंद्र नीमच के जिला अकादमिक समन्वयक पंडित अंबिका प्रसाद जोशी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्न पत्र डाउनलोड कर संबंधित संस्थाओं तक पहुंचा दिए गए हैं। संस्था प्रधानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की विषयगत कमजोरियों को दूर करें और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करें।
परीक्षा संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा केंद्राध्यक्षों और सहायक केंद्राध्यक्षों की नियुक्तियां भी कर दी गई हैं। विभाग ने परीक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जून माह की भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों के लिए शीतल पेयजल, ओआरएस घोल, इलेक्ट्रोल और ग्लूकोज जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परेशानी न हो।
विभाग ने शिक्षकों को यह भी निर्देश दिए हैं कि वे परीक्षा में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से लगातार संपर्क बनाए रखें। शिक्षा विभाग का मानना है कि यह पुन: परीक्षा विद्यार्थियों को अपना परिणाम सुधारने और शैक्षणिक प्रगति की नई राह पर आगे बढऩे का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
