
नीमच। सोमवती अमावस्या के दुर्लभ एवं पुण्यदायी संयोग पर सोमवार को कोर्ट मोहल्ला नीमच सिटी स्थित श्री कोटेश्वर महादेव मंदिर (श्री कोटेश्वर धाम) में भव्य श्री शिव भजन-कीर्तन महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। ज्येष्ठ माह के अधिक मास के समापन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में शिव भक्तों ने सहभागिता कर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया तथा भजन-कीर्तन में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश एवं भगवान शिव के पूजन-अभिषेक के साथ हुआ। इसके पश्चात भजन मंडलियों द्वारा एक से बढक़र एक शिव भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। ‘हर-हर महादेव ‘, ‘बम-बम भोले’ तथा ‘शिव शंकर को जिसने पूजा’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। संपूर्ण मंदिर परिसर शिवमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।
सोमवती अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान कोटेश्वर महादेव के दर्शन कर विशेष पूजन-अर्चन किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मंदिर की प्रतिमाओं को आकर्षक सज्जा एवं पुष्पों से सजाया गया था, जिससे मंदिर परिसर की भव्यता देखते ही बन रही थी।
महोत्सव में महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से शिव आराधना करते हुए धार्मिक भजनों का रसास्वादन किया। आयोजन के दौरान भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अधिक मास के समापन और सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज में धार्मिक जागरूकता एवं आध्यात्मिक मूल्यों के संवर्धन के उद्देश्य से आयोजित किया गया। समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर भगवान महादेव की महाआरती की गई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। महाआरती में शामिल भक्तों ने भगवान शिव से सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, महादेव भक्त एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
