
दमोह। भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान–2026 के अंतर्गत दमोह जिला का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का प्रथम दिवस उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ.इस प्रशिक्षण वर्ग में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं समसामयिक विषयों पर कार्यकर्ताओं को विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया.
प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत में सभी प्रशिक्षणार्थियों का पंजीकरण हुआ.पंजीकरण के पश्चात अतिथियों जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती नंदिता पाठक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सतानंद गौतम, संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक व धर्मस्य विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह, पशुपालन व डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल, दमोह सांसद राहुल सिंह, हटा विधायक श्रीमती उमा देवी खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजीता पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रीति राजू कमल सिंह द्वारा भारतीय जनता पार्टी के प्रारम्भ से वर्तमान का सफर, केंद्रीय व प्रदेश की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन किया.इसके पश्चात एकत्रीकरण, वर्ग गीत व अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ वंदे मातरम् का गायन हुआ.उद्घाटन सत्र में जिलाध्यक्ष द्वारा प्रस्तावना रखी गई.
प्रथम सत्र में हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान विषय पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद व पंच निष्ठाओं पर प्रकाश डाला गया. इस सत्र के वक्ता संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक व धर्मस्य विभाग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी रहे। सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला उपाध्यक्ष आलोक गोस्वामी ने की.
द्वितीय सत्र में भाजपा का इतिहास एवं विकास विषय पर वक्ता पशुपालन व डेयरी विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने संगठन की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और उसके विस्तार की जानकारी दी.सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला महामंत्री गंगाराम अहिरवार ने की. तृतीय सत्र में कार्य पद्धति विषय पर सदानंद गौतम ने संगठन के कार्य करने के तरीकों और संरचना को समझाया.सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष प्यारेलाल भारती ने की.
भोजन उपरांत चतुर्थ सत्र आयोजित हुआ, जिसमें “भाजपा सरकारों की गरीब कल्याण योजनाएं व उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर दमोह संसदीय क्षेत्र से सांसद राहुल सिंह ने विस्तार से जानकारी दी. सत्र की अध्यक्षता डॉ केदार नाथ शर्मा ने की.
इसके बाद पंचम सत्र में स्थायी कार्यक्रम – बूथ प्रबंधन व मन की बात” विषय पर जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी अभिषेक भार्गव ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया. एवं सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र व्यास ने की.
षष्ठ सत्र में सोशल मीडिया, नई तकनीक (एआई) व संगठन के लिए सकारात्मक परिवेश निर्माण” विषय पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रदीप राजोरिया व संभागीय सोशल मीडिया प्रभारी अंशुल परिहार ने आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर महत्वपूर्ण जानकारी दी.इस सत्र की अध्यक्षता अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती अनीता सिंह ने की.
प्रदीप राजौरिया ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं को मीडिया के साथ सकारात्मक और तथ्यपूर्ण संवाद बनाए रखना चाहिए. समाचारों में सटीकता, संतुलन और विश्वसनीयता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है.यदि हम राजनीति कर रहे हैं तो पत्रकारों और संवाददाताओं को सम्मान दें और उनसे मधुर संबंध बनाए रखें.
अंशुल परिहार ने कहा कि सोशल मीडिया संगठन की सबसे प्रभावी ताकत बन चुका है, इसका सकारात्मक और जिम्मेदार उपयोग आवश्यक है.कार्यकर्ता डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहकर संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं.
सप्तम व्यावहारिक सत्र में श्रीमती नंदिता पाठक द्वारा प्रशिक्षण को व्यवहारिक रूप देने पर जोर दिया गया.सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला उपाध्यक्ष रूपेश सेन ने की.
अष्टम सत्र में विचार परिवार विषय पर वक्ता अनुराग प्यासी ने संबोधित किया.सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक श्रीमती सोना बाई ने की.
प्रशिक्षण वर्ग में जिला पदाधिकारी गण, मंडलों के अध्यक्ष गण, महामंत्री गण, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष गण, जनप्रतिनिधि गण की उपस्थिति रही.
पूरे दिन चले इस प्रशिक्षण वर्ग में संगठनात्मक मजबूती, विचारधारा की स्पष्टता एवं कार्यकर्ताओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया गया.जिला टोली द्वारा प्रशिक्षण वर्ग परिसर का पूर्व में निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से सुनिश्चित किया गया था, जिसके परिणामस्वरूप प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
