भोपाल। मध्य प्रदेश पुलिस दंगा नियंत्रण की रणनीति को आधुनिक तकनीक से लैस करने की तैयारी में है। अब प्रदर्शन और हिंसक घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस के बेड़े में ऐसे हाईटेक ड्रोन शामिल किए जाएंगे, जो सिर्फ निगरानी ही नहीं करेंगे, बल्कि जरूरत पड़ने पर आंसू गैस के गोले भी छोड़ सकेंगे।
पुलिस मुख्यालय करीब 40 आधुनिक ड्रोन खरीदने की तैयारी कर रहा है। प्रत्येक ड्रोन की अनुमानित कीमत करीब 14 लाख रुपये बताई जा रही है। इनकी खरीद बीएसएफ टेकनपुर के माध्यम से की जाएगी। पहले चरण में प्रदेश के 40 जिलों को ये ड्रोन उपलब्ध कराए जाएंगे और अगले 2 से 3 महीनों में इनके पुलिस बल में शामिल होने की संभावना है।
अभी तक दंगा या प्रदर्शन के दौरान पुलिस को आंसू गैस छोड़ने के लिए भीड़ के काफी करीब जाना पड़ता था, जिससे कई बार पुलिसकर्मी पथराव और हिंसा का शिकार हो जाते थे। नई ड्रोन तकनीक की मदद से पुलिस सुरक्षित दूरी से ही भीड़ की लाइव निगरानी कर सकेगी और जरूरत पड़ने पर सटीक तरीके से कार्रवाई भी कर पाएगी।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस नई व्यवस्था से दंगा नियंत्रण अधिक प्रभावी होगा, पुलिसकर्मियों की सुरक्षा बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आधुनिक तकनीक की बड़ी भूमिका देखने को मिलेगी। यह कदम मध्य प्रदेश पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
