जबलपुर: विजयनगर थाना अंतर्गत कचनार सिटी में शातिर चोरों ने एक बुजुर्ग महिला को अपना निशाना बनाया है। अलमारी का लॉक सुधारने के बहाने घर में घुसे बदमाशों ने वृद्धा की आंखों में धूल झोंककर सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक श्रीमती कृष्णा चौबे (72) निवासी ईश्वर नगर, कचनार सिटी की जब घर पर अकेली थीं तभी घर के सामने दो युवक आए, जिन्होंने खुद को अलमारी का लॉक सुधारने वाला बताया।
महिला ने उन पर विश्वास कर उन्हें अलमारी का लॉक ठीक करने के लिए घर के अंदर बुला लिया। एक युवक ने अलमारी सुधारने का नाटक किया और इसी दौरान बड़ी चतुराई से अंदर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि महिला को तुरंत भनक तक नहीं लगी। बाद में जब श्रीमती चौबे ने किसी काम से अलमारी खोली, तो उनके होश उड़ गए। अलमारी में रखी सोने की अंगूठी, सोने की गुड़िया वाली माला, चांदी की पायल, चूड़ियां, सिक्के और 6 हजार रुपये नकद गायब थे। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अलमारी सुधारने वाला मुख्य आरोपी काले रंग का लोअर और फुल शर्ट पहने हुए था और उसने सिर पर कपड़ा बांध रखा था। पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके।
