इंदौर: शहर में एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण तकनीकी और विशेषज्ञों की लेकर बनाया जाएगा. भविष्य के शहर को ध्यान में रखते हुए अगले 25 सालों का आंकलन करके योजना बनाई जाने पर चर्चा की गई. बैठक में मेट्रो के प्रावधान पर भी विचार किया गया कि एलिवेटेड कॉरिडोर में मेट्रो लाइन डालने डिजाइन में शामिल किया जाए. एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण के विषय में अगली बैठक 7 फरवरी को होगी.
आज रेसिडेंसी कोठी पर नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में इंदौर उत्थान अभियान समिति ने 7 वर्ष पूर्व और वर्तमान को लेकर कॉरिडोर की जरूरत और निर्माण के साथ पूर्व की डिजाइन में फेरबदल की आवश्यकता बताई. आज शहर में वाहनों की संख्या में इजाफा होने और उपयोगिता पर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ बहस भी हुई.
बैठक इंदौर उत्थान अभियान समिति के अजीत सिंह नारंग ने एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण की चौड़ाई को लेकर भी सवाल खड़े किए. बैठक में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि एलिवेटेड कॉरिडोर का स्वरूप, लंबाई और चौड़ाई भविष्य की आवश्यकता के मद्देनजर तय की जाएगी. कॉरिडोर निर्माण में धनराशि की कमी नहीं आने दी जाएगी. उन्होंने कहा कि इस संबंध में विशेषज्ञों और अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए जा रहे हैं.
वैज्ञानिक व तकनीकी आधार पर बनाया जाए
बैठक में सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि विशेषज्ञों से सुझाव लेकर कॉरिडोर को वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर बनाया जाए. बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पब्लिक यूटिलिटी की समय सीमा में स्थानांतरित करने पर जोर दिया. बैठक में एबी रोड पर मेट्रो के संचालन तथा मेट्रो के निर्माण का प्रावधान रखने के संबंध में भी चर्चा की गई. पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित होने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण को लेकर अगली बैठक 7 फरवरी को होगी. इसमें एलिवेटेड कॉरिडोर के स्वरूप, लंबाई और चौड़ाई को लेकर अंतिम चर्चा होगी. बैठक में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा, विधायक महेन्द्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, मधु वर्मा तथा गोलू शुक्ला सहित इंदौर उत्थान समिति एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और विशेषज्ञ मौजूद थे.
महाजन बोली चार साल से भुगत रहे है
बैठक में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि शहर में एमपीआईडीसी को न जाने किसने फ्लाई ओवर बनाने का ठेका दे दिया. शहर मूसाखेड़ी में चार साल से सजा भुगत रहा है. अधिकारी आते हैं और तीन साल में चले जाते हैं. शहरवासी कब तक परेशान होंगे. मेरी तो हो गई उम्र पूरी. कैलाश को जिम्मेदारी सौंपती हूं कि जो भी योजना बने 25 अगले सालों को ध्यान में रखते हुए बनाई जाए. बैठक में महाजन बोली एलिवेटेड कॉरिडोर समय की जरूरत है. भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए इसका विस्तार राऊ तक किया जाना जाना चाहिए.
