डीटीई काउंसलिंग में एसजीएसआईटीएस फिर बना छात्रों की पहली पसंद, 853 ने लिया प्रवेश

इंदौर: मध्यप्रदेश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान श्री गोविंदराम सेकसरिया प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान एसजीएसआईटीएस में डीटीई काउंसलिंग के प्रथम चरण एवं प्रथम अपग्रेड राउंड के बाद 853 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है.संस्थान के अनुसार आगामी काउंसलिंग राउंड के लिए अभी 304 सीटें उपलब्ध हैं, जिससे छात्रों को प्रवेश का एक और अवसर मिलेगा. प्रथम चरण के प्रवेश आंकड़ों में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग 126 और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी 119 सबसे लोकप्रिय शाखाएं रहीं.

इसके अलावा इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग 93 इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग 88 मैकेनिकल इंजीनियरिंग 86 सिविल इंजीनियरिंग 83 और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग 83 में भी उल्लेखनीय प्रवेश हुए. वहीं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड रोबोटिक्स, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग और बैचलर ऑफ डिजाइन जैसे उभरते पाठ्यक्रमों को भी छात्रों ने पसंद किया. वर्ष 1952 में स्थापित एसजीएसआईटीएस मध्यभारत का प्रमुख स्वायत्त शासकीय इंजीनियरिंग संस्थान है. संस्थान अपनी आधुनिक प्रयोगशालाओं, उद्योग-अनुकूल शिक्षा, अनुसंधान गतिविधियों, स्टार्टअप संस्कृति और बेहतर प्लेसमेंट के लिए जाना जाता है.

पसंदीदा शाखा को प्राथमिकता देने की अपील
संस्थान के संचालक प्रो. (डॉ.) नीतेश पुरोहित ने कहा कि एसजीएसआईटीएस विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और वैश्विक अवसर प्रदान करने वाला ज्ञान केंद्र है. वहीं डीटीई काउंसलिंग प्रभारी प्रो. पी. गनाई ने छात्रों से समय पर पंजीयन करने और चॉइस फिलिंग में अपनी पसंदीदा शाखा एवं कॉलेज को प्राथमिकता देने की अपील की है. संस्थान ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से आगामी काउंसलिंग राउंड का लाभ उठाकर एसजीएसआईटीएस में प्रवेश के अवसर का उपयोग करने का आग्रह किया है.

Next Post

नवलखा चौराहे पर सड़क मरम्मत और पाइप लाइन सुधार कार्य शुरू

Thu Jul 16 , 2026
इंदौर: शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख यातायात केंद्रों में शामिल नवलखा चौराहे पर लंबे समय से सड़क पर बने गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त पाइप लाइन के कारण आम नागरिकों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही वाले इस चौराहे पर […]

You May Like