इंदौर: शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख यातायात केंद्रों में शामिल नवलखा चौराहे पर लंबे समय से सड़क पर बने गड्ढों एवं क्षतिग्रस्त पाइप लाइन के कारण आम नागरिकों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही वाले इस चौराहे पर सड़क की खराब स्थिति के चलते दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई थी.
इस गंभीर समस्या को नवभारत ने 14 जुलाई के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था. खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और संबंधित विभागों द्वारा मौके पर पहुंचकर सड़क मरम्मत एवं क्षतिग्रस्त पाइप लाइन के सुधार का कार्य प्रारंभ कर दिया गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था.
वहीं पाइप लाइन फूटने के कारण लगातार जलभराव की स्थिति बनी रहती थी, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ सड़क भी तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही थी. जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने वाली खबरों का असर एक बार फिर देखने को मिला, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि जिम्मेदार पत्रकारिता आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है.
