इंदौर: गौतमपुरा थाना क्षेत्र में खेत के पास मिले 42 वर्षीय बाबू राठौर के अंधे कत्ल का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर ग्राम नछौड़ा भाना निवासी 22 वर्षीय दीपक गुर्जर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया.
पुलिस को शनिवार 11 जुलाई को बछौड़ा रोड स्थित शमशार बी के खेत के पास बाबू राठौर निवासी धौबी मोहल्ला, गौतमपुरा का शव मिला था. पुलिस द्वारा हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. विवेचना के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दीपक की पहचान कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बाबू पर समलैंगिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था. विरोध करने पर उसने पहले बाबू का बेल्ट से गला घोंट दिया और फिर पास में लगी फेंसिंग का लोहे का एंगल निकालकर सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई थी. आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया.
सौ से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद हुआ खुलासा
गौतमपुरा थाना प्रभारी, अलका मेनिया ने बताया कि हत्या के मामले की जांच में तकनीकी साक्ष्यों और 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया. इसी आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार की है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
