तेहरान, 05 मार्च (वार्ता) ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने गुरुवार को कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य मार्ग केवल अमेरिका, इजरायल, यूरोप और अन्य पश्चिमी सहयोगियों के जहाजों के लिए बंद है।
दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक होर्मुज जलडमरूमध्य युद्ध शुरू होने के बाद से ही ठप हो गया है।
ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने कहा, “हमने पहले भी कहा था कि अंतर्राष्ट्रीय कानूनों और प्रस्तावों के आधार पर, युद्ध के समय में ईरान के पास होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले मार्ग को नियंत्रित करने का अधिकार होगा।”
आईआरजीसी ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका, इजरायल, यूरोप ‘और उनके समर्थकों’ से संबंधित जहाज देखे गए, तो ‘निश्चित रूप से उन पर हमला किया जाएगा।’
ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल द्वारा शनिवार को संयुक्त अभियान शुरू किए जाने के बाद से यह जलडमरूमध्य प्रभावी रूप से बंद है, जिससे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है और वैश्विक अर्थव्यवस्था के चरमराने का खतरा पैदा हो गया है।
