गंगादास जी की बड़ी शाला में आज से त्रिदेव रंगोत्सव

ग्वालियर। शहर की प्रतिष्ठित सांगीतिक संस्था स्वर संस्कार गुरुकुल एवं रागायन परिवार के संयुक्त तत्वावधान में त्रिदिवसीय “त्रिदेव रंगोत्सव 2026“ का आयोजन 6 मार्च से 8 मार्च तक होगा। यह आयोजन विभिन्न सत्रों में संपन्न होगा, जिसके अंतर्गत राष्ट्रीय संगोष्ठी, संगीत कार्यशाला एवं सांगीतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित की जाएँगी। आयोजन 6 मार्च से 8 मार्च तक प्रातःकालीन एवं सायंकालीन दो सत्रों में होगा।

रागायन के अध्यक्ष एवं सिद्धपीठ श्री गंगादास जी की बड़ी शाला के मठाधीश, पूरण बैराठी पीठाधीश्वर स्वामी रामसेवक दास महाराज तथा स्वर संस्कार गुरुकुल के संगीत गुरु संजय देवले ने बताया कि आयोजन की शुरुआत 6 मार्च को आयोजित राष्ट्रीय संगीत संगोष्ठी से होगी। इस संगोष्ठी में देश के विद्वान संगीतज्ञ अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। यह राष्ट्रीय संगोष्ठी कला विधिका, ग्वालियर में प्रातःकाल एवं सायंकाल दो सत्रों में आयोजित होगी। इस राष्ट्रीय संगीत संगोष्ठी में देश-विदेश के संगीत विद्वान, रिसर्च स्कॉलर एवं संगीत साधक ऑनलाइन-ऑफलाइन माध्यम से शामिल होंगे। इस राष्ट्रीय संगीत संगोष्ठी का विषय “समकालीन परिप्रेक्ष्य में भारतीय संगीत परंपरा, शिक्षा, मीडिया एवं ललित कलाओं की चुनौतियाँ” रखा गया है।

द्वितीय दिवस की शुरुआत प्रातः 10 बजे गंगादास जी की बड़ी शाला, लक्ष्मीबाई कॉलोनी, ग्वालियर से होगी। इस अवसर पर रामपुर- सहसवान घराने के गायक नागेश आडगावकर (पुणे), जो विश्वविख्यात गायक उस्ताद राशिद खां के शिष्य हैं, को आमंत्रित किया गया है। वे रामपुर-सहसवान घराने की गायकी एवं बंदिशों के सौंदर्यबोध विषय पर ऑनलाइन-ऑफलाइन कार्यशाला लेंगे।

यह कार्यशाला 8 मार्च को प्रातः 9ः30 बजे भी आयोजित होगी। कार्यशाला दो दिवसीय है, जिसमें देश-विदेश से संगीत साधक ग्वालियर आकर सहभागिता करेंगे। कार्यशाला के दोनों सत्रों का आयोजन गंगादास जी की बड़ी शाला में होगा।

7 मार्च को एक विशेष संगीत सभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ग्वालियर सहित देश-विदेश के संगीत साधकों में से चयनित कलाकार एवं स्वर संस्कार गुरुकुल, ग्वालियर के विद्यार्थी प्रस्तुतियाँ देंगे। यह आयोजन लोक संगीत की प्रस्तुतियों के साथ सायंकाल कैंसर हॉस्पिटल, ग्वालियर के ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। इस अवसर पर देश के विभिन्न भागों के लोकसंगीत एवं शास्त्रीय- फ्यूजन की प्रस्तुतियाँ, महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय, बड़ौदा के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की जाएँगी, जिनका प्रोडक्शन डॉ. यश देवले द्वारा किया जाएगा।

8 मार्च को त्रिदेव रंगोत्सव 2026 का समापन होगा। समापन दिवस पर कार्यक्रम की शुरुआत स्वर संस्कार गुरुकुल के विद्यार्थियों द्वारा संगीत गुरु संजय देवले द्वारा सिखाई गई चुनिंदा बंदिशों के गायन से होगी। इस अवसर पर रामपुर सहसवान घराने के गायक नागेश आडगावकर (पुणे) के शास्त्रीय गायन से इस समारोह का समापन होगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में युवा कलाकारों के साथ देश के विख्यात संगतकार कलाकार भी संगत करेंगे।

Next Post

ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने दबोचा

Thu Mar 5 , 2026
इंदौर। हीरानगर पुलिस ने एक शातिर आरोपी को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 14.35 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है. आरोपी पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में लिप्त रहा है और अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ करीब डेढ़ दर्जन प्रकरण दर्ज हैं. […]

You May Like