
इंदौर। हीरानगर पुलिस ने एक शातिर आरोपी को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 14.35 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है. आरोपी पूर्व में भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में लिप्त रहा है और अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ करीब डेढ़ दर्जन प्रकरण दर्ज हैं.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त जोन-3 राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामस्नेही मिश्रा तथा सहायक पुलिस आयुक्त हीरानगर रुबीना मिजवानी के निर्देशन में थाना हीरानगर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है. जिसके तहत पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की जांच कर रही थी. इस दौरान कनकेश्वरि मैदान स्थित साई पैलेस गार्डन के पास एक युवक संदिग्ध स्थिति में खड़ा दिखाई दिया. पुलिस को देखते ही वह भागने लगा. पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया और तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर बरामद हुई. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14.35 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आरोपी से ब्राउन शुगर के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में भी पूछताछ कर रही है. थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय विनय उर्फ भांजा बामनिया निवासी संविद नगर झोपड़ी के रूप में हुई है. आरोपी आदतन अपराधी है और शहर के पलासिया, खजराना, विजयनगर, कनाड़िया, द्वारकापुरी, तिलक नगर, हीरानगर और पंढरीनाथ थाना क्षेत्रों में उसके खिलाफ मारपीट, झगड़ा-फसाद, बलवा, अवैध वसूली, अवैध हथियार रखने, एनडीपीएस एक्ट और हत्या के प्रयास सहित करीब डेढ़ दर्जन मामले दर्ज हैं.
