अलवर में पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से शुरू

अलवर, 20 सितम्बर (वार्ता) राजस्थान में पुलिस उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 का आयोजन रविवार को अलवर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ।
जिले में बनाए गए 48 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुई। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने वाले अभ्यर्थियों की पुलिस और परीक्षा स्टाफ की ओर से गहनता से जांच की गई, इसके बाद ही उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा को लेकर पुलिस ने करीब 300 जवानों की तैनाती की है और केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का बायोमैट्रिक सत्यापन किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक केंद्र पर जैमर लगाए गए हैं। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र की जांच के बाद प्रवेश दिया गया।
निर्धारित ड्रेस कोड का भी पालन कराया गया। घड़ी, बेल्ट, हैंडबैग, हेयर पिन, ताबीज, कैप, स्कार्फ, शॉल, मफलर सहित प्रतिबंधित सामान को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षा की निष्पक्षता और शांतिपूर्ण संचालन के लिए पुलिस की ओर से केंद्रों के आसपास लगातार निगरानी रखी जा रही है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, वहीं होटल, धर्मशाला, साइबर कैफे, ई-मित्र और फोटो स्टेट की दुकानों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस की ओर से पेपर लीक अथवा परीक्षा से जुड़ी अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। फिलहाल अलवर में परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुई है और पुलिस-प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी जा रही है।

.....

Next Post

उपनाम धारण करने से जिम्मेदारी और परिपक्वता नहीं आती:शेखावत

Sun Sep 20 , 2026
जोधपुर, 20 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए कहा है कि किसी का उपनाम धारण कर लेने भर से उससे जुड़ी विरासत, परिपक्वता और जिम्मेदार आचरण हासिल नहीं किया जा सकता है। श्री शेखावत […]

You May Like