
नयी दिल्ली/बेंगलुरु, 05 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की आईपीएल जीत के जश्न के दौरान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ पर गहरा दुख व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, “बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बेहद दुखद है। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि जो लोग घायल हुए हैं वे जल्द स्वस्थ हों।”
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस घटना पर संवदेना व्यक्त कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है। लोग क्रिकेटरों के लिए दीवाने हैं। आयोजकों को बेहतर तैयारी करनी चाहिए थी। भीड़ को नियंत्रित किये जाने के उपाये होने चाहिए थे। घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं। आशा करता हूं कि घटना में घायल हुये लोग जल्द स्वस्थ होंगे।
भगदड़ उस समय हुई जब हजारों प्रशंसक अपने पसंदीदा खिलाड़ियों और आईपीएल ट्रॉफी की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम के बाहर लाखों की संख्या में लोग एकत्र हुए थे। इसी दौरान अचानक भीड़ बढ़ने के कारण अराजकता और दम घुटने की स्थिति पैदा हो गई, जिसके कारण 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गये।
