छतरपुर। छतरपुर जिला इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है और प्रदेश में सबसे गर्म जिलों में शामिल हो गया है। छतरपुर के खजुराहो में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा। वहीं नौगांव में पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
प्रदेश के अन्य शहरों की बात करें तो रतलाम में 43.2 डिग्री, सतना और टीकमगढ़ में 42.8 डिग्री, दमोह में 42.6 डिग्री, मंडला और रीवा में 42.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा धार, सीधी और रायसेन में 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों को बेहाल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना जताई है।
