इंदौर: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी से जुड़े बहुचर्चित ड्रग्स प्रकरण में जांच ने अहम मोड़ ले लिया है. संयुक्त जांच कर रही राजेंद्र नगर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के लिए बुलाई गई एक महिला का बयान दर्ज किया है. सूत्रों के अनुसार, महिला ने पूछताछ में नाना पटवारी के साथ ड्रग्स का सेवन करने की बात स्वीकार की है. इस बयान के साथ जांच टीम को कुछ महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जिनके आधार पर अब पूरे मामले की पड़ताल तेज कर दी गई है.
अब तक इस मामले में सामने आए दावों के उलट यह पहला बयान है, जिसने जांच की दिशा बदल दी है.
इससे पहले एक युवती स्वयं डीसीपी कार्यालय पहुंचकर मीडिया के सामने नाना पटवारी के पक्ष में बयान दे चुकी थी. उसने दावा किया था कि वह उन्हें चार पांच वर्षों से जानती है और उन्होंने कभी नशा या शराब का सेवन नहीं किया. अब दोनों महिलाओं के बयानों में विरोधाभास सामने आने के बाद पुलिस हर तथ्य का तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर सत्यापन कर रही है. सूत्रों का कहना है कि जांच अब केवल ड्रग्स की सप्लाई तक सीमित नहीं है. पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, कॉल डिटेल, वित्तीय लेनदेन और संदिग्धों के आपसी संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है. आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और लोगों से पूछताछ और नए खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
गौरतलब है कि राजेंद्र नगर पुलिस ने हाल ही में 10.8 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ इरफान उर्फ गोलू और रॉनी भाई को गिरफ्तार किया था. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने नाना पटवारी का नाम लिया था. इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए उनसे जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की. जांच एजेंसियों को इस नेटवर्क के तार गुजरात तक जुड़े होने के इनपुट भी मिले हैं.
