सीहोर। मंगलवार को जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने डिप्टी कलेक्टर रवींद्र परमार को कलेक्टर के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बिजली कंपनी द्वारा मनमाने तरीके से पूरे जिले में की जा रही घोषित-अघोषित बिजली कटौती का विरोध किया.
पंकज शर्मा ने बताया कि जिले में बिजली कंपनी द्वारा बहुत ज्यादा बिजली कटौती की जा रही है. ग्रामीण क्षेत्रों में तो बारह घंटे से अधिक लाइट काटी जा रही है और शहरी क्षेत्रों में भी जलप्रदाय के समय बिजली कटौती की जा रही है. इस भीषण गर्मी में जनता इस कटौती से बहुत परेशान हो रही है, भीषण जलसंकट के दौर में जनता की हालत खराब हो रही है, लेकिन बिजली कंपनी की मनमानी लगातार जारी है. उन्होंने मांग की है कि कलेक्टर बिजली कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दें कि वो अकारण की जा रही इस घोषित-अघोषित बिजली कटौती को बंद करने का निर्देश बिजली कंपनी के अधिकारियों को दें.
