भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुजरात के जामनगर में अपने दौरे के दौरान राज्य में वन्य संपदा और वन्य जीवों के संरक्षण को लेकर गंभीरता दिखाई है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां वन्य संपदा और वन्य जीवों से जुड़े विषयों पर बहुत काम किया जा सकता है।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस दिशा में राज्य सरकार एक बड़े अभियान पर कार्य कर रही है और निकट भविष्य में कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लेने जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके जामनगर दौरे का उद्देश्य इसी अभियान से जुड़े मामलों की जानकारी लेना और प्रभावी कदमों की योजना तैयार करना है।
गुजरात का जामनगर शहर पर्यावरण संरक्षण, वन्य जीव संवर्धन और आधुनिक प्रबंधन प्रणाली के लिए जाना जाता है। मुख्यमंत्री ने वहां की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश भी इस क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकता है। डॉ. मोहन यादव ने संकेत दिए कि प्रदेश में वन्य जीवन को बढ़ावा देने के लिए नीति-निर्माण और संसाधन विकास की दिशा में ठोस पहल की जाएगी। उनके इस दौरे को प्रदेश के पर्यावरणीय दृष्टिकोण से एक अहम कदम माना जा रहा है।
