जबलपुर: संस्कारधानी जबलपुर की प्रसिद्ध संस्कार कांवड़ यात्रा सावन महीने के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को आयोजित होगी। जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल होगे। यात्रा नर्मदा नदी के ग्वारीघाट से प्रारंभ होकर पनागर तहसील क्षेत्र के मटामर गांव की पहाड़ी पर स्थित कैलाश धाम मंदिर तक जाएगी। यात्रा की कुल दूरी लगभग 30 किलोमीटर है। कैलाश धाम मंदिर मुख्य शहर से लगभग 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। सुंदर पहाड़ी पर बने इस मंदिर में प्राचीन और पवित्र श्वेत पिंडी (शिवलिंग) विराजमान है। सावन के महीने में यह क्षेत्र हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता से घिरा रहता है। संस्कार कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर कैलाश धाम पहुंचते हैं। यात्रा में लगभग एक लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल होते हैं। यात्रा की विशेषता कांवड़ में एक तरफ नर्मदा जल और दूसरी तरफ एक पौधा लेकर चलने की अनूठी परंपरा है। श्रद्धालु भगवा वस्त्रपहनकर कई किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हैं। जिसको लेकर पुलिस, प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड में है।
इन मार्गों से गुजरेगी यात्रा
यात्रा ग्वारीघाट से प्रारंभ होगी जहां श्रद्धालु नर्मदा जल भरनेके बाद यात्रा रामपुर, गोरखपुर, शास्त्री ब्रिज, मालवीय चौक, लार्डगंज, बड़ा फुहारा, सराफा चौक, खटीक मोहल्ला, बेलबाग, घमापुर चौक, कांचघर और राँझी होते हुए कैलाश धाम पहुंचेगी है। स्थानीय व्यवस्था के अनुसार यात्रा के मार्ग में बदलाव भी हो सकता है।
2011 से कावड़ यात्रा
उल्लेखनीय है कि तत्कालीन संतो के मार्गदर्शन में कैलाशधाम का निर्माण 1984 में जन सहयोग से हुआ और 2011 से कावड़ यात्रा शुरू हुई, जिसे संस्कार कावड़ यात्रा के नाम से जानते हैं।
सीएम सुबह 10.55 बजे आयेंगे डुमना
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सोमवार 10 अगस्त को जबलपुर आगमन होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सुबह 10.55 बजे भोपाल से वायुयान द्वारा डुमना एयरपोर्ट जबलपुर आयेंगे। डॉ. यादव यहां कावड यात्रा में शामिल होंगे तथा दोपहर 12.30 बजे डुमना एयरपोर्ट से वायुयान द्वारा भोपाल प्रस्थान करेंगे।
