नयी दिल्ली, 02 मार्च (वार्ता) पश्चिम एशिया में गहराये भू-राजनैतिक संकट के कारण अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोमवार को कच्चा तेल 10 प्रतिशत महंगा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मार्च का लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा 10.3 प्रतिशत चढ़कर 80.18 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अमेरिकी क्रूड का 20 मार्च का वायदा 9.33 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 73.27 डॉलर प्रति बैरल हो गया।
इजरायल और अमेरिका की ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद पश्चिम एशिया में हालात चिंताजनक हो गये हैं। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले कई देशों पर हमले किये हैं। इससे कच्चे तेल की आपूर्ति श्रृंखला और उत्पादन दोनों बाधित हुए हैं जिससे कीमतों में उछाल आया है।
इस बीच, आठ ओपेक प्लस देशों ने रविवार को एक वर्चुअल बैठक में कीमतों में बढ़ोत्तरी को रोकने के लिए स्वैच्छिक आधार पर कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ाने का फैसला किया है। इन देशों में सऊदी अरब, रूस, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत, कजाकिस्तान, अल्जीरिया और ओमान शामिल हैं। बैठक में तय हुआ कि ये सभी देश मिलकर अप्रैल से कच्चे तेल का उत्पादन 16.5 लाख बैरल प्रति दिन बढ़ायेंगे।
