सिंगरौली में कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की मनमानी और लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर अंकित अस्थाना और एसपी शियाज केएम के निर्देश पर मोरवा एसडीओपी अमित कुमार ने ट्रांसपोर्टरों, ओबी कंपनियों और खदान प्रबंधन के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में ओवर स्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और बेतरतीब पार्किंग पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। एसडीओपी ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। साथ ही लापरवाही से होने वाले हादसों में वाहन मालिकों की जिम्मेदारी भी तय हो सकती है। चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर लगाने और भारी वाहनों की पार्किंग के लिए उचित स्थान चिह्नित करने पर भी चर्चा हुई।
