केस खारिज करने के नाम पर मांगी एक लाख की रिश्वत, प्रधान आरक्षक 50 हजार लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

छिंदवाड़ा। पुलिस की वर्दी पहनकर कानून की रखवाली करने वाले ही जब कानून का सौदा करने लगें तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। छिंदवाड़ा जिले के दामुआ पुलिस थाने में ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां दर्ज धोखाधड़ी के एक मामले को खारिज (खारजी) कराने के नाम पर एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने वाले प्रधान आरक्षक को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने 50 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि लोकायुक्त की पूरी कार्रवाई दामुआ थाने में ही की गई।

लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, आवेदक शाहरुख खान के मामा शाहिद अंसारी ने पैसों के लेनदेन में धोखाधड़ी के मामले में दामुआ थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले की जांच प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव कर रहे थे। आरोप है कि धर्मदास सीधे शाहरुख से बातचीत नहीं करते थे, लेकिन उसके ममेरे भाई दानिश अंसारी के जरिए केस में खारजी लगाने का संदेश भिजवाया गया। इसके बदले एक लाख रुपये की मांग की गई।

शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल

रिश्वत की मांग से परेशान होकर शाहरुख खान ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के मुताबिक 50 हजार रुपये की पहली किस्त देने के दौरान लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर प्रधान आरक्षक धर्मदास यादव को पकड़ लिया।

जांच में सामने आएगी अन्य की भूमिका

लोकायुक्त डीएसपी रेखा प्रजापति के मुताबिक, फिलहाल जांच में प्रधान आरक्षक के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई है। साक्ष्यों के संकलन और आगे की विवेचना के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं आरोपी का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद संबंधित लोगों को बार-बार जांच के लिए बुलाया गया, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए। आरोप है कि इसी छूट के बदले उनसे पैसों की मांग की गई थी।

Next Post

बरेली में नरगिस ने अपनाया सनातन धर्म, इच्छा देवी बन आकाश कश्यप से वैदिक रीति-रिवाज से रचाई शादी

Sat Nov 28 , 2026
उत्तर प्रदेश के बरेली में नरगिस से इच्छा देवी बनी युवती की शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। आंवला थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव की रहने वाली नरगिस ने अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपनाने और नाम बदलने की बात कही है। इसके बाद उसने गांव के ही आकाश […]

You May Like