
मंदसौर। खेल प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में मंदसौर ने एक नई उपलब्धि अपने नाम की। शहर में पहली बार दो दिवसीय 12वीं मध्यप्रदेश राज्य सब जूनियर कुराश चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रदेश के 22 जिलों से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। दो दिनों तक चले मुकाबलों में खेल प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। इस स्टेट चेम्पियनशिप में बालिका वर्ग में इंदौर प्रथम स्थान पर रहा तो वहीं बालक वर्ग में भोपाल की टीम अव्वल रही।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच विभिन्न मुकाबले हुए। कम उम्र के खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ अपने प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती दी। स्पर्धा के अन्य विजेताओं की बात करें तो बालक वर्ग में द्वितीय अशोक नगर, तृतीय इंदौर रहा। इसी तरह बालिका वर्ग में द्वितीय भोपाल व तृतीय इंदौर रहा। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों की तकनीक, फुर्ती और आत्मविश्वास ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता के बाद विजेता खिलाड़ियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में भाजपा पिछड़ा मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष धीरज पाटीदार, वरिष्ठ नेत्र रोग चिकित्सक डॉ. मजहर हुसैन, विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. प्रवीणसिंह मंडलोई, जिला महामंत्री हेमंत बुलचन्दानी, नगर मंत्री गौरव शर्मा, पत्रकार किशोर ग्वाला, सीतामऊ पब्लिक स्कूल की संचालक श्रीमती डॉ शेरेबानो. समारोह में अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं पदक प्राप्त खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने कहा कि मंदसौर में पहली बार राज्य स्तरीय कुराश प्रतियोगिता का आयोजन जिले के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। प्रतियोगिता से उभरते खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला है। वर्तमान में यदि आप किसी को भोजन करवा रहे हो तो उतना पुण्य नहीं मिलता जितना कि इस तरह की प्रतियोगिता आयोजित करके मिलता है। क्योंकि इसमें आप नए भविष्य को निखरने के अवसर दे रहे हो, जिससे कई पीढियां तर सकती है। अतिथियों का स्वागत कुराश एसोसिएशन मध्यप्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष विवेक स्वामी, प्रदेश सचिव राहुल व्यास एवं जिलाध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने भगवा दुपट्टा पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर किया। कार्यक्रम का संचालन कुराश एसोसिएशन जिला सह सचिव एवं पत्रकार ललित एम. पटेल ने किया, जबकि आभार जिला सचिव हरीश टेलर ने माना।
