इंदौर: आजाद नगर थाना क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसमें एक युवक की हत्या कर दी गई. गंभीर रूप से घायल युवक को उसके दोस्त देर रात एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वारदात के पीछे दिन में हुआ एक विवाद वजह बताया जा रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान नीरज उर्फ निर्भय पिता मांगीलाल गंगराडे, निवासी हिम्मत नगर पालदा के रूप में हुई है. नीरज पर लाल पेट्रोल पंप के पास चाकू से हमला किया था. देर रात करीब दो बजे उसका दोस्त उसे गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे.
जांच में सामने आया है कि दिन में नीरज का तीन नाबालिगों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी रंजिश के चलते रात में आरोपियों ने अचानक नीरज पर चाकू से हमला कर दिया. हमले के वक्त नीरज के साथ उसका दोस्त रितेश बघेल भी मौजूद था. रितेश ने जब नीरज को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया.
बताया जा रहा है कि घायल रितेश ही नीरज को अस्पताल लेकर पहुंचा था. फिलहाल रितेश का उपचार जारी है. पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है और तीनों नाबालिगों के साथ उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा. प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है.
