जबलपुर: पिपरिया टगर, अन्नपूर्णा वेयर हाउस, मझौली में गेहूं घोटाला उजागर हुआ। 1.35 करोड़ की सरकारी खरीद में हेराफेरी मामले में पुलिस ने भूमि ग्राम संगठन हटौली की अध्यक्ष रीना लोधी समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।जानकारी अनुसार कलेक्टर एवं जिला उपार्जन समिति अध्यक्ष जबलपुर के आदेश के तहत भूमि ग्राम संगठन हटौली समिति को माँ अन्नपूर्णा वेयर हाउस 102, पिपरिया टगर में गेहूं उपार्जन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आरोपियों ने फायदा उठाते हुए 5168.70 क्विंटल सरकारी गेहूं गायब कर दिया।
कागजों और रिकॉर्ड में हेराफेरी कर कुल 1, 35, 67, 837.50 की शासकीय राशि का गबन किया गया। उपार्जन में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर अनुविभागीय अधिकारी सिहोरा ने एक संयुक्त जांच दल का गठन किया था। इस टीम में अंजुला झा जिला परियोजना प्रबंधक, सीमा बौरसिया जिला आपूर्ति अधिकारी, दिलीप हनवत तहसीलदार, मझौली शामिल थे। जांच दल ने जब मौके पर रिकॉर्ड, स्टॉक और भौतिक सत्यापन किया, तो बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी और हेराफेरी पाई गई। टीम ने तत्काल इसकी विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी।
ये बने आरोपी
उच्च स्तरीय जांच दल की रिपोर्ट के बाद पुलिस ने रीना लोधी अध्यक्ष, भूमि ग्राम संगठन हटौली, समेत मयूरी लोधी,
शुभम बर्मन, अमन पाण्डेय, आकाश पाण्डेय, अनिल पटेल, आनंद भारसाकले, प्रमोद कुमार मिश्रा, प्रकाश पाण्डेय, रिन्कू साहू के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी बनाया है।
