जबलपुर: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मैग्नेटेल बीपीएस कंसल्टेंट्स एंड एलएलपी द्वारा की गई साइबर ठगी के मामले में जबलपुर, अहमदाबाद, जयपुर और पुणे में छापेमारी की। इस दौरान 7 किलो सोना, 62 किलो चांदी, 1.18 करोड़ रुपये नकद, 9.2 करोड़ की संपत्ति के दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए। ईडी ने पुणे पुलिस की एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी, जिसमें आरोप था कि कंपनी ने फर्जी कॉल सेंटर के जरिए अमेरिकी नागरिकों को झूठे लोन का लालच देकर उनकी बैंक जानकारी हासिल की।
बाद में इस जानकारी का उपयोग कर लाखों डॉलर की ठगी की गई। ठगे गए पैसे को अमेरिका में सहयोगियों की मदद से क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर भारत भेजा गया और अहमदाबाद में कैश में बदला गया। जयपुर से कंपनी के साझेदार संजय मोरे और अजीत सोनी को गिरफ्तार किया गया। ठगी की रकम से सोना-चांदी, संपत्तियां और वाहन खरीदे गए। हेराफेरी के लिए कई फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।
