ग्वालियर: नगर निगम ग्वालियर में कार्य सुविधा और प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रभार में महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय द्वारा जारी आदेश के तहत जल प्रदाय एवं सीवरेज विभाग के कार्यपालन यंत्री एसएल बाथम को अब इसी विभाग में प्रभारी अधीक्षण यंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य शहर की जल आपूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाना है।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों में जल प्रदाय और सीवरेज व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रभारियों की नई नियुक्तियां की गई हैं। इसमें प्रभारी उपयंत्री राजकुमार भटनागर को वार्ड क्रमांक 34, 35, 40 एवं 47 की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, प्रभारी उपयंत्री वेद प्रकाश चौहान को वार्ड क्रमांक 38 व 49 और सत्येन्द्र उपाध्याय को वार्ड क्रमांक 42, 43 एवं 65 का कार्यभार सौंपा गया है। इन अधिकारियों को अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
भानु प्रताप सिंह तोमर को जनमित्र नोडल अधिकारी की अतिरिक्त जिम्मेदारी अधिकारियों के इस फेरबदल में सहायक विधि अधिकारी भानु प्रताप सिंह तोमर के कार्यक्षेत्र में भी विस्तार किया गया है। उन्हें उनके वर्तमान विधिक कार्यों के साथ-साथ ‘जनमित्र’ का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अब तोमर जनमित्र से जुड़े कार्यों का संपादन जनमित्र मुख्यालय के कक्ष क्रमांक 209 से करेंगे।
