लॉरेंस गैंग पर विदेश में शिकंजा, इंदौर पुलिस की भी है नजर

इंदौर. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ कनाडा और अमेरिका में तेज हुई कार्रवाई का असर मध्यप्रदेश के मामलों पर भी पड़ सकता है. गैंग के कुख्यात सदस्य हैरी बॉक्सर और रोहित बराड़ समेत चार आरोपियों को इंदौर के रंगदारी प्रकरण में भी आरोपी बनाया है. पुलिस का कहना है कि यदि विदेशी एजेंसियों की कार्रवाई में ये आरोपी गिरफ्तार होकर भारत लाए जाते हैं तो इंदौर के मामले में भी इन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा.

क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया था कि लॉरेंस गैंग के नाम पर प्रदेश के कई शहरों में व्यापारियों को करोड़ों रुपए की रंगदारी के लिए धमकियां दी गई थीं. अकेले इंदौर, भोपाल, अशोकनगर और कसरावद में दर्ज प्रकरणों में हैरी बॉक्सर का नाम सामने आया है. इन मामलों में पुलिस स्थानीय नेटवर्क से जुड़े आठ से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो फिलहाल जेल में हैं. जांच के दौरान हैरी बॉक्सर, रोहित बराड़ सहित चार विदेशी आरोपियों को भी प्रकरणों में नामजद किया है.

सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से कनाडा और अमेरिका की जांच एजेंसियां लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ समन्वित कार्रवाई कर रही हैं. ऐसे में यदि गैंग के वांछित सदस्य वहां गिरफ्तार होते हैं और प्रत्यर्पण के जरिए भारत लाए जाते हैं तो मध्यप्रदेश में दर्ज चारों मामलों में भी उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में दर्ज प्रकरणों में इन आरोपियों के खिलाफ पहले से पर्याप्त साक्ष्य संकलित किए जा चुके हैं. इसलिए भारत पहुंचते ही इंदौर समेत अन्य जिलों की पुलिस उन्हें प्रोडक्शन वारंट और अन्य कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार करने की कार्रवाई करेगी.

Next Post

बीजेपी में बगावत: नरोत्तम का टिकट कटने से भड़के समर्थक, हाईवे पर जाम; जिलाध्यक्ष समेत सभी पार्षदों का इस्तीफा

Fri Jul 10 , 2026
दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने टिकट बदलने की मांग को लेकर दतिया-ग्वालियर हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग […]

You May Like