
शाजापुर। शाजापुर शहर भीषण गर्मी के बीच गंभीर जल संकट का सामना कर रहा है. शहर के 29 वार्डों में रहने वाले लगभग 70 हजार लोगों को एक दिन छोडक़र पानी की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन अब कई इलाकों में नलों से पानी आने का समय भी घट गया है. पहले जहां एक घंटे तक पानी आता था. वहीं अब यह अवधि घटकर 30 से 45 मिनट रह गई है.
इससे लोगों को पीने और दैनिक जरूरतों के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. स्थानीय निवासी महेश चौहान ने बताया कि पहले की तुलना में पानी बहुत कम आ रहा है और आधे घंटे में उनकी टंकियां भी नहीं भर पातीं. वहीं आदित्य नगर की रेखा ने कहा कि नलों में 40 से 45 मिनट ही पानी आता है, जिससे घर की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो रहा है. सिंचाई विभाग के एसडीओ अंकित पाटीदार ने जानकारी दी कि चीलर डेम में फिलहाल केवल 2 फीट पानी बचा है. यह पानी अधिकतम 15 जून तक ही चल पाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय पर बारिश नहीं हुई तो शहर को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है.
इनका कहना है…
शहर में फिलहाल पर्याप्त पानी दिया जा रहा है. कुछ स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज और तकनीकी समस्याओं के कारण आपूर्ति का समय प्रभावित हुआ है, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा. – भूपेंद्र दीक्षित, सीएमओ, शाजापुर
