जेसीबी ऑपरेटर की मौत का मामला, परिजनों को 50 लाख के मुआवजे की मांग
सतना : अमत मिशन के सीवर घटक से संबंधित कार्य करने के दौरान हुई दुर्घटना में मृत हुए चैन माउंटेन जेसीबी ऑपरेटर की मौत के मामले में ठेका कंपनी के के स्पॉन और नगर निगम के आर आई के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए जाने के साथ ही पीडि़त परिजनों को 50 लाख रु का मुआवजा दिलााया जाए. अखिल भारतीय ब्राम्हण समाज युवा मोर्चा के स्थानीय पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए यह मांग की.
अखिल भारतीय ब्राम्हण समाज युवा मोर्चा के आधा दर्जन स्थानीय पदाधिकारी सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे. जहां पर उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवेश सिंह बघेल को पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा. पदाधिकारियों ने बताया कि चैन माउंटेन जेसीबी ऑपरेटर 35 वर्षीय मुनीश कुमार तिवारी द्वारा शहर के निशांत विहार कालोनी में सीवर पाइप लाइन डालने का कार्य किया जा रहा था. इसी दौरान मिट्टी के धंसाव के चलते जेसीबी पलट गई और उसमें फंस जाने के कारण ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई थी. इस घटना को दो दिन का समय बीत चुका है.
लेकिन नगर निगम का जो रवैया अब तक देखने को मिल रहा है उसके अनुसार मामले को दबाकर लीपापोती करने का कार्य किया जा रहा है. जबकि इस घटना के लिए संबंधित ठेकेदार और नगर निगम के अधिकारी कर्मचारियों की लापरवाही जिम्मेदार है. जिसे देखते हुए यह मांग की गई कि एक ओर जहां के के स्पॉन कंपनी और नगर निगम के आर आई पंकज श्रीवास्तव के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया जाए वहीं दूसरी ओर पीडि़त परिजनों को कंपनी की ओर से 50 लाख रु का मुआवजा दिलाया जाए.
के के स्पॉन कठघरे में क्यों?
नगर निगम क्षेत्र में अमृत मिशन के अंतर्गत सीवर घटक का कार्य के के स्पॉन द्वारा किया गया था. कार्य करने में बेजा विलंब को देखते हुए के के स्पॉन को टर्मिनेट कर दिया गया था. शहर के जोन क्र. 1 में के के स्पॉन द्वारा छोड़े गए 51 किमी के कार्य को बाद में पी सी स्नेहिल कंपनी को दे दिया गया. मौजूदा संविदाकार द्वारा 49.5 किमी का कार्य पूरा कर लिया गया है. बचे हुए 1.5 किमी का कार्य जारी है. लेकिन इसी कार्य के दौरान यह जानकारी सामने आई कि निशांत विहार कालोनी में 16 मीटर के क्षेत्र में के के स्पॉन द्वारा पाइपलाइन ही नहीं डाली गई थी. लिहाजा जिस कार्य को किए बिना ही के के स्पॉन परिदृश्य से नदारद हो गई उसे पी सी स्नेहिल कंपनी द्वारा कराया जा रहा था. लेकिन इस कार्य के दौरान हुए हादसे में जेसीबी ऑपरेटर की दर्दनाक मौत हो गई.
