
जबलपुर। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने शहपुरा के पास नेशनल हाईवे पर क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहपुरा में कैथरा रेलवे फाटक और अंधमूक बाईपास पर लाइट, ब्रेकर, रेलिंग और ब्लिंकर्स लगाकर समुचित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वाहनों के आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए पाटन होते हुए मार्ग डायवर्ट किया गया।अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग तत्काल सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। शहपुरा बाईपास तिराहा में ब्लैक स्पॉट हटाने के लिए भी प्रशासन ने आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
रविवार शाम भरभराकर गिर गया था पुल
उल्लेखनीय है कि शहपुरा बाईपास पर अमन ढाबा के सामने बने ओवरब्रिज का दूसरा हिस्सा रविवार शाम अचानक भरभराकर गिर गया। इससे हाईवे पूरी तरह बंद हो गया और दोनों तरफ से आवागमन प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार पुल का दूसरा हिस्सा पहले से ही क्षतिग्रस्त था और सुधार कार्य चल रहे थे। हालांकि पुल का एक हिस्सा चालू था, लेकिन वह भी गिर जाने से हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय
ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से यातायात को प्रतिबंधित कर डायवर्ट कर दिया है। डायवर्जन प्वाइंट पर फ्लोरोसेंट दिशासूचक बोर्ड और सूचना फ्लेक्स लगाए गए हैं, ताकि वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग की स्पष्ट जानकारी मिल सके। ट्रैफिक व्यवस्था के तहत जबलपुर से भोपाल की ओर जाने वाले भारी वाहनों को अंधमूक बायपास और पाटन बायपास मार्ग से भेजा जा रहा है। वहीं भोपाल से जबलपुर आने वाले भारी वाहनों को पाटन मार्ग की ओर मोड़ा गया है। हल्के वाहनों के लिए भी आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। डायवर्जन स्थल और ओवरब्रिज के आसपास एनएचआई, यातायात सिपाही, वॉलंटियर और पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
