नयी दिल्ली, 23 फरवरी (वार्ता) भारत ने पूर्वी अफ्रीकी देश मेडागास्कर को 7,000 टन फोर्टिफाइड चावल का निर्यात किया है।
भारतीय चावल निर्यातक संघ ने सोमवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में इसे वैश्विक पोषण और मूल्य वर्द्धित कृषि उत्पादों में नेतृत्व के प्रति भारत की प्रतिबद्धता के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया है। उसने बताया कि संघ के सदस्य वीआई एक्सपोर्ट्स इंडिया को यह ऑर्डर प्राप्त हुआ था। चावल की इस खेप को कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण ने 19 फरवरी को कांडला बंदरगाह से रवाना किया।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि अफ्रीकी महाद्वीप अब भी कुपोषण की समस्या से जूझ रहा है। इस समस्या का समाधान पोषण-युक्त नियमित आहार के जरिये किया जा सकता है। अफ्रीका में चावल आम तौर पर खाया जाता है, इसलिए फोर्टिफाइड चावल से कुपोषण का हल संभव है।
