
भोपाल। मध्यप्रदेश के अगले मुख्य सचिव को लेकर फैसला 29 अगस्त को होगा। वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। चूंकि इस माह के अंतिम दो दिन छुट्टियों के पड़ रहे हैं, इसलिए सरकार को 29 अगस्त तक यह निर्णय लेना होगा कि अनुराग जैन को सेवा-वृद्धि दी जाएगी या फिर किसी नए अधिकारी को यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
सूत्रों के अनुसार हाल ही में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव की दिल्ली यात्रा भी इसी विषय से जुड़ी हुई थी। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जैन की सेवा-वृद्धि के पक्ष में नहीं हैं और वे किसी नए अधिकारी को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपना चाहते हैं। इस कारण वरिष्ठ अधिकारियों की दौड़ अभी और तेज हो गई है।
मुख्य सचिव का पद प्रशासनिक व्यवस्था का सबसे अहम पद माना जाता है और इसके लिए राज्य के कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं। अब सभी की निगाहें 29 अगस्त पर टिकी हैं, जब यह साफ हो जाएगा कि अनुराग जैन का कार्यकाल बढ़ाया जाएगा या फिर प्रदेश को नया मुख्य सचिव मिलेगा। बहरहाल जैन सेवा विस्तार को लेकर काफी आश्वस्त नजर आ रहे हैं।
