
मंडला/घुघरी: जनपद पंचायत घुघरी के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सलवाह के सरपंच ने स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 14 अगस्त को जनपद कार्यालय पहुंचकर अपना त्यागपत्र सौंपा। इस इस्तीफे के बाद से ग्राम पंचायत कार्यालय में अक्सर ताला लगा रहता है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि वर्तमान में ग्राम पंचायत सलवाह का अतिरिक्त प्रभार एक सचिव और एक रोजगार सहायक के पास है। ग्रामीणों का कहना है कि ये दोनों भी नियमित रूप से कार्यालय में मौजूद नहीं रहते हैं।
कार्यालय के बंद रहने से ग्रामीणों को अपने कई महत्वपूर्ण कामों के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्हें जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र, समग्र आईडी की ई-केवाईसी, और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी व सहायता प्राप्त करने में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने इस स्थिति पर जल्द से जल्द ध्यान देने और समस्या का समाधान करने की अपील की है।
