कैमा रेलवे जंक्शन के विकास में तेजी,तीसरे प्लेटफार्म का काम जारी

सतना: रीवा,पन्ना रेलवे लाइन के विस्तार के साथ सतना से लगे पुराने स्टेशन कैमा को न सिर्फ जंक्शन बना दिया गया है. आने वाले समय मे होने वाले विस्तार को देखते हुए स्टेशन में अन्य यात्री सुविधाएं बढ़ाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं.पश्चिम मध्य रेलवे के लिए आने वाले समय मे महत्वपूर्ण कैमा रेलवे जंक्शन को आधुनिक स्वरूप देने के लिए रिमॉडलिंग और विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। स्टेशन की यात्री सुविधाओं और प्लेटफॉर्म क्षमता को बढ़ाने के लिए प्लेटफॉर्म नंबर-1 के साथ प्लेटफॉर्म नंबर-2 और 3 के विस्तार का काम किया जा रहा है।

निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन पर यात्रियों को पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।कैमा जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म की लंबाई और चौड़ाई बढ़ाई जा रही है। विकास कार्यों के तहत प्लेटफॉर्मों को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही यात्रियों के बैठने के लिए पक्की बेंच और कुर्सियां तैयार की जा रही हैं, जिनमें से कई का निर्माण पूरा हो चुका है।यात्रियों को गर्मी और बारिश में परेशानी न हो, इसके लिए प्लेटफॉर्म पर शेड बनाए गए हैं। स्टेशन परिसर में आधुनिक पेयजल पॉइंट भी तैयार किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को आसानी से पीने का पानी उपलब्ध हो सके। इन सुविधाओं के विकसित होने से ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

अभी इन ट्रेनों का है ठहराव
वर्तमान में कैमा स्टेशन पर जबलपुर-रीवा और रीवा-जबलपुर के बीच चलने वाली शटल सहित कुछ स्पेशल ट्रेनों का ठहराव है। इनमें 11705 जबलपुर-रीवा शटल प्रतिदिन सुबह 11:14 बजे कैमा पहुंचकर 11:16 बजे रवाना होती है। वहीं 11706 रीवा-जबलपुर शटल दोपहर 2:57 बजे पहुंचकर 2:59 बजे रवाना होती है। इसके अलावा 04191 ग्वालियर-रीवा एक्सप्रेस बुधवार को शाम 6:30 बजे कैमा पहुंचकर 6:35 बजे रवाना होती है। वापसी में 04192 रीवा-ग्वालियर एक्सप्रेस बुधवार रात 9:50 बजे कैमा पहुंचती है और 9:55 बजे आगे के लिए रवाना होती है।

रिमॉडलिंग के बाद बढ़ सकते हैं ट्रेन स्टॉपेज
रेल प्रशासन की ओर से चल रहे विकास कार्यों का उद्देश्य स्टेशन की क्षमता और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाना है। रिमॉडलिंग का काम पूरा होने के बाद कैमा जंक्शन पर यात्री सुविधाओं के साथ ट्रेनों के संचालन की क्षमता भी बढ़ने की उम्मीद है। इसके बाद लंबी दूरी की और महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर प्रस्तावित योजनाओं पर आगे काम किया जा सकता है। इससे कैमा और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को रेल यात्रा के लिए बेहतर विकल्प मिलने की संभावना है।

कैमा जंक्शन का काम अंतिम चरण में

एरिया मैनेजर सतना नरेंद्र सिंह ने बताया कि कैमा जंक्शन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। बारिश के कारण कुछ समय के लिए काम प्रभावित हुआ था, लेकिन अब दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अगले 2 से 3 महीने में शेष कार्य पूरा होने की उम्मीद है।जंक्शन पर बनाए गए तीनों प्लेटफॉर्म पूरी तरह तैयार हो चुके हैं। इसके अलावा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का काम भी जारी है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में कैमा जंक्शन पर कई ट्रेनों के ठहराव की संभावनाओं को देखते हुए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

Next Post

सरकारी स्कीम में लोन दिलाने के नाम पर 40 लाख ठगे रिटायर्ड एएसआई और उसके बेटे से रकम लेने के बाद आरोपी फरार

Mon Oct 5 , 2026
इंदौर: सरकारी स्कीम के तहत लोन दिलाने का झांसा देकर रिटायर्ड एएसआई और उसके बेटे से 40 लाख रुपए ठगने के मामले में राजेंद्रनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने रकम लेने के बाद न लोन कराया और न ही पैसे वापस किए. शिकायत के बाद पुलिस […]

You May Like