जयपुर के राष्ट्रीय हॉर्स शो में सौंसर के आराध्य ने जीते दो रजत पदक

सौंसर, जयपुर में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर के ‘सप्त शक्ति हॉर्स शो’ में सौंसर क्षेत्र के होनहार छात्र आराध्य संजय चौरे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो रजत पदक अपने नाम किए हैं। इस शानदार उपलब्धि से उन्होंने अपने विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र व परिवार का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है।

​ ‘द डेली कॉलेज’ इंदौर में कक्षा 9वीं के छात्र आराध्य ने विद्यालय की घुड़सवारी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। उन्होंने अंडर-13 आयु वर्ग की ‘हैक्स स्पर्धा’ के व्यक्तिगत वर्ग में एक रजत पदक और टीम स्पर्धा में दूसरा रजत पदक हासिल कर दोहरी सफलता दर्ज की।

​उल्लेखनीय है कि ‘सप्त शक्ति हॉर्स शो’ देश की प्रतिष्ठित घुड़सवारी प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें देशभर के प्रतिभाशाली घुड़सवार हिस्सा लेते हैं। इस खेल में घुड़सवार के संतुलन, अनुशासन, मानसिक एकाग्रता और घोड़े के साथ सटीक तालमेल की कड़ी परीक्षा होती है। आराध्य ने इतनी कम उम्र में उत्कृष्ट तकनीक और संतुलन का परिचय देते हुए यह मुकाम हासिल किया।

​आराध्य सौंसर तहसील के ग्राम रिधोरा निवासी डॉ. संजय रेवनाथ चौरे एवं डॉ. स्मिता चौरे के कनिष्ठ सुपुत्र तथा पूर्व मंत्री स्वर्गीय रेवनाथ चौरे एवं पूर्व विधायक श्रीमती कमलाबाई चौरे के पौत्र हैं।

​आराध्य की इस दोहरी राष्ट्रीय उपलब्धि पर परिवार, स्नेहीजनों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। गणमान्य नागरिकों व शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Next Post

झीरम मामले में जारी रहेगी न्याय की लड़ाई : राहुल

Sat Sep 26 , 2026
नयी दिल्ली, 26 सितंबर (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छत्तीसगढ में झीरम घाटी नक्सली हमले के पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें पूरा न्याय मिलने तक उनके साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया है। श्री गांधी ने शनिवार को यहां 10 जनपथ में छत्तीसगढ़ […]

You May Like