नयी दिल्ली, 26 सितंबर (वार्ता) लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छत्तीसगढ में झीरम घाटी नक्सली हमले के पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें पूरा न्याय मिलने तक उनके साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया है।
श्री गांधी ने शनिवार को यहां 10 जनपथ में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, झीरम पीड़ित परिवारों और घटना से जुड़े लोगों से बातचीत में कहा “पीड़ितों को पूरा न्याय मिलने तक हमें एक इंच पीछे नहीं हटना है। हम लड़ेंगे।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में पूरी ताकत के साथ उनके साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक लड़ाई जारी रखेगी।
इस दौरान पार्टी के छत्तीसगढ़ के प्रभारी सुखदेव भगत, राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी मौजूद रहे। पीड़ित परिवारों और घटना से जुड़े लोगों की ओर से उमेश पटेल, अनिता योगेंद्र शर्मा, जितेंद्र मुदलियार, शिव सिंह ठाकुर, छविंद्र कर्मा और मलकीत सिंह गैन्दू और अन्य लोग शामिल हुए।
श्री बघेल ने इस बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि बैठक में मामले में आगे की कानूनी लड़ाई और न्याय के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा हुई। बैठक में श्री गांधी के साथ जीरम घटना में हुए अन्याय, भाजपा और जांच एजेंसियों के षड्यंत्र तथा इस लड़ाई को आगे ले जाने पर चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि श्री गांधी ने झीरम शहीदों के परिवारों और घटना के समय मौजूद लोगों से संवाद किया तथा पूरा न्याय मिलने तक पीछे नहीं हटने की बात कही। उन्होंने बताया कि बैठक में झीरम मामले से जुड़े घटनाक्रम, जांच और अदालत के फैसले के साथ आगे की कानूनी लड़ाई पर भी विचार-विमर्श हुआ। कांग्रेस नेताओं ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं से कानूनी परामर्श लेकर आगे की रणनीति तय करने की बात कही है।
गौरतलब है कि 25 मई 2013 को बस्तर के दरभा क्षेत्र की झीरम घाटी में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर माओवादी हमला हुआ था। इस हमले में 29 लोग मारे गये थे और 30 से अधिक घायल हुए थे।
