मुंबई | मुंबई इंडियंस में कप्तानी और टीम संयोजन को लेकर बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं। पिछले तीन वर्षों में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद, रिपोर्ट्स के अनुसार हार्दिक पांड्या का एमआई के साथ भविष्य अनिश्चित लग रहा है। चर्चा है कि हार्दिक खुद किसी नई टीम की तलाश में हैं, जबकि फ्रेंचाइजी भविष्य की रणनीति तैयार करने के लिए एक अहम बैठक करने वाली है।
यशस्वी जायसवाल पर एमआई की नजर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई इंडियंस राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को ट्रेड डील के जरिए अपनी टीम में शामिल करने पर विचार कर रही है। फ्रेंचाइजी उन्हें रोहित शर्मा के संभावित विकल्प के रूप में देख रही है। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव से अलग होने और तिलक वर्मा को नया कप्तान बनाने की खबरें भी चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
फिटनेस और नई रणनीति
हार्दिक पांड्या की लगातार फिटनेस समस्याएं मुंबई इंडियंस और भारतीय टीम प्रबंधन दोनों के लिए चिंता का कारण बनी हुई हैं। आगामी सत्र के लिए टीम मैनेजमेंट सीनियर खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के भविष्य पर कड़ा फैसला ले सकता है। यदि नेतृत्व में बदलाव होता है, तो भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा कप्तानी के लिए सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

