
छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह से लापता 10 वर्षीय बालक शेख कासिम का शव मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। कासिम का शव पुरानी मंडी के पीछे एक निर्माणाधीन पानी की टंकी में पाया गया। सूचना मिलते ही अमरवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अमरवाड़ा अस्पताल भिजवाया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, शेख कासिम पिता शेख कलीम उम्र 10 वर्ष वार्ड नंबर 15 का निवासी था। वह बेसिक स्कूल अमरवाड़ा में कक्षा 5वीं का छात्र था। सोमवार 9 फरवरी की सुबह करीब 7 बजे वह अपनी 13 वर्षीय बहन के साथ साइकिल से मदरसा जाने के लिए घर से निकला था। रास्ते में कासिम स्टेडियम ग्राउंड में उतर गया। उसने बहन से कहा कि वह मदरसा से लौटते समय उसे साथ ले जाए। इसके बाद बहन मदरसा चली गई। करीब 9.30 बजे जब बहन स्टेडियम ग्राउंड पहुंची तो कासिम वहां नहीं मिला। बहन ने घर जाकर पूरी बात परिवारजनों को बताई। इसके बाद बच्चे के परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी।
निर्माणाधीन मकान में मिला शव
मंगलवार 10 फरवरी को सुबह पुरानी मंडी के पीछे निर्माणाधीन एक मकान के टंकी में कासिम का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बालक टंकी में कैसे पहुंचा। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल नगर में इस घटना से शोक का माहौल है।
