
ग्वालियर। खनिज विभाग की टीम द्वारा आज अलग-अलग स्थानों पर चैक प्वॉइंट लगाकर लोडिंग वाहनों की जाँच की गई। इस दौरान गिट्टी व रेत के अवैध परिवहन में लिप्त पाँच वाहन जब्त किए गए। प्रभारी जिला खनिज अधिकारी घनश्याम सिंह यादव ने बताया कि डबरा क्षेत्र में जाँच के दौरान रेत के अवैध परिवहन में लिप्त तीन ट्रेक्टर ट्रॉली जब्त की गई हैं। इसी तरह मेहरा टोल, बेरजा व बिलौआ में चैकिंग प्वॉइंट लगाकर वाहनों की जाँच की गई। इस दौरान खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 10 चक्का वाले दो डम्फर जब्त किए गए। जब्त सभी वाहन संबंधित पुलिस थाना की अभिरक्षा में खड़े कराए गए हैं। साथ ही अर्थदण्ड के साथ-साथ अन्य कानूनी कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
