शहीद स्मारक पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

​ग्वालियर। समाज और देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को 14वीं वाहिनी विसबल ग्वालियर के मैदान में स्थित शहीद स्मारक पर पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया।
​इस अवसर पर शहीद दिवस परेड का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डाॅ. असित यादव, उप पुलिस महानिरीक्षक जोन ग्वालियर/विसबल रेंज ग्वालियर उपस्थित रहे। उनके साथ विशेष अतिथि के रूप में श्री सोजान सिंह रावत, सी.ई.ओ. जिला पंचायत ग्वालियर और सेवानिवृत्त अधिकारियों में एम.एल. छारी (सेवानिवृत्त उप पुलिस महानिरीक्षक) सहित अन्य आमंत्रित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
​
​67 वर्षों का इतिहास,शहीदों का स्मरण
21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के ‘हॉट स्प्रिंग्स’ में चीनी सशस्त्र बलों के साथ हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ के 10 वीर जवानों ने सर्वोच्च कर्तव्य का निर्वहन करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे। उन्हीं की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। 21 अक्टूबर 1959 से 31 अगस्त 2026 तक देश में कुल 35,646 पुलिस अधिकारियों व जवानों ने देश सेवा में बलिदान दिया है। बीते एक वर्ष (01.09.2025 से 31.08.2026) में देशभर के 154 पुलिस अधिकारी व जवान शहीद हुए, जिनमें मध्य प्रदेश के 09 निष्ठावान पुलिसकर्मी शामिल हैं।

​म.प्र. के शहीद जवानों का वाचन,भव्य परेड और पुष्पांजलि
14वीं वाहिनी विसबल के सेनानी संजीव कुमार सिंहा ने बीते वर्ष में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नाम पढ़े। इनमें निरीक्षक आशीष शर्मा, उप निरीक्षक अशोक शर्मा, सउनि मदन लाल निनामा, प्र.आर. ओमप्रकाश भवेदी, प्र.आर. सरजन सिंह भील, प्र.आर. परिमाल सिंह तोमर, आर. विकास चतुर्वेदी, आर. महेश प्रसाद पाठक और म.आर. आरती पाल शामिल हैं।
​​परेड का नेतृत्व परेड कमाण्डर दिलीप चन्द छारी (उप पुलिस अधीक्षक, पी.टी.एस. तिगरा) तथा सहायक परेड कमाण्डर नरेन्द्र सिंह कुशवाहा (निरीक्षक, द्वितीय वाहिनी विसबल ग्वालियर) ने किया। परेड में द्वितीय, 13वीं, 14वीं वाहिनी विसबल, जिला पुलिस बल तथा नगर सेना ग्वालियर के अधिकारी व जवान शामिल हुए।
​कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों, जवानों, गणमान्य नागरिकों तथा शहीदों के परिजनों द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावांजलि दी गई।

Next Post

पीसीसी चीफ जीतू पटवारी से डॉ सिद्धांत ने की मुलाकात

Thu Oct 22 , 2026
​ग्वालियर: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के ग्वालियर दौरे के दौरान, युवा कांग्रेसी नेता डॉ. सिद्धांत दुबे ने सेंट्रल पार्क होटल में उनसे मुलाकात कर एक गंभीर मुद्दा उठाया। डॉ. दुबे ने ग्वालियर के बहुचर्चित ‘शीतला हादसे’ (शीतला माता मंदिर के समीप हुए हादसे) में गंभीर रूप […]

You May Like