रेलवे स्टेशन से रीवा रोड तक लगा रहा जबरदस्त जाम

सतना : रक्षाबंधन और दीपावली जैसे त्योहारों पर शहर भीषण जाम की समस्या से कराहने लगता है. इस दौरान कुछ यातायात कर्मी हाथ हिलाकर लोगों को आगे बढऩे का संकेत देते रहते हैं. लेकिन हालात नहीं बदलते और लोग रेंगने को मजबूर दिखाई देते हैं. वहीं बुधवार को शहर के प्रमुख मार्ग सहित बाजार क्षेत्र में जबरदस्त जाम की स्थिति ने यह संकेत भी दे दिए कि रक्षाबंधन तक हालात कितने बिगड़ सकते हैं.बुधवार को मिलाद-उन-नबी के त्योहार का अवकाश होने के कारण शासकी कार्यालयों और विद्यालयों में छुट्टी थी. लेकिन इसके बावजूद भी शहर में जबरदस्त जाम की स्थिति देखने को मिली.

खेरमाई रोड, अस्पताल रोड, रीवा रोड, रेलवे स्टेशन रोड, रेलवे स्टेशन बाइपास और बाजार क्षेत्र में तकरीबन हर स्थान पर जाम का असर सुबह से लेकर देर शाम तक बना रहा. हलांकि इस संबंध में यातायात अमले का कहना था कि मिलाद उन नबी के अवसर पर जुलूस निकाले जाने के दौरान बाजार क्षेत्र के प्रमुख मार्गों को यातायात रोक दिया गया था. जिसके चलते ऐसी स्थिति बनती नजर आई. लेकिन वास्तविकता यह है कि जिम्मेदारों द्वारा समय रहते न तो कोई रुट चार्ट तैयार किया गया और न ही वैकल्पिक मार्गों पर सुचारु यातायात को लेकर किसी तरह की कवायद की गई. बाजार क्षेत्र से गुजरने वाले प्रमुख मार्ग को रोके जाने पर राहगीरों द्वारा दूसरे वैकल्पिक मार्ग अपनाए जाने लगे. लेकिन इस दौरान कोतवाली से रेलवे स्टेशन, स्टेशन रोड, सर्किट हाउस, रीवा रोड, और खेरमाई रोड पर जबरदस्त जाम लगना शुरु हो गया. जिसे संभालने के लिए यातायात अमला कहीं नजर नहीं आया.
सामने आया रूटचार्ट
बुधवार की सुबह जब जगह जगह भीषण जाम लगना शुरु हो गया तब कहीं जाकर दोपहर बाद यातायात अमले का रुट चार्ट सामने आया. जिसके अनुसार गुरुवार को सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक और शुक्रवार को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे आटो, ई रिक्शा और चार पहिया वाहनों का बाजार क्षेत्र में प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया गया. कोतवाली तिराहा, अंधेरी पुलिया, विनोद टीवी सेंटर स्टेशन रोड, अस्पताल चौक, जगतदेव तालाब रोड पेट्रोल पंप के निकट, पुरानी आबकारी के सामने, ईदगाह चौक और गौशाला चौक से बाजार क्षेत्र की ओर जाने वाले मार्ग आटो, ई रिक्शा व चार पहिया वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेंगे.

Next Post

पुराना ब्रिज बंद, नया संकरा: इटारसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म 2 और 3 पर हो क्राउड मैनेजमेंट प्लान

Thu Aug 27 , 2026
पुनीत दुबे, इटारसी। इटारसी रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन करीब 300 यात्री ट्रेनों का आवागमन होता है। इनमें लगभग 70 से 80 यात्री ट्रेनें 24 घंटे के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर रुकती हैं। ऐसे व्यस्त प्लेटफॉर्म पर नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) के निर्माण और पुराने FOB को […]

You May Like