
इंदौर. जोन 4 से करीब एक सप्ताह पहले रिटायर्ड हुए डीसीपी सुनील मेहता के नाम आवंटित शासकीय स्कॉर्पियो ने शहर में कई वाहनों को टक्कर मार दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली.
बताया जा रहा है कि सुभाष नगर से राजकुमार ब्रिज के बीच सफेद रंग की ‘डीसीपी’ लिखी स्कॉर्पियो ने पहले मोपेड सवार को टक्कर मारी. इसके बाद कई अन्य वाहनों को भी चपेट में लेते हुए चालक डीआरपी लाइन के अंदर वाहन ले गया. घटना के दौरान चालक के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आ रही है. घटना करीब दो दिन पुरानी बताई जा रही है. अब तक किसी पीड़ित की ओर से थाने में शिकायत नहीं की गई है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटना की जानकारी जुटा रही है.
