
नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम अंबा में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। गांव के 38 वर्षीय शिवलाल मीणा की नींद के दौरान सांप के काटने से मौत हो गई। परिवार को सुबह तक इस घटना की भनक तक नहीं लगी।जानकारी के अनुसार, शिवलाल पिता भेरूलाल मीणा रात में घर पर सो रहे थे। सुबह जब परिजन उन्हें उठाने पहुंचे, तो वे अचेत अवस्था में मिले। उसी दौरान उनके बिस्तर के पास एक जहरीला सांप दिखाई दिया, जिससे पूरे परिवार में हडक़ंप मच गया। परिजनों ने पहले स्थानीय नाग देवता के देवरे पर पूजा-अर्चना कर उनकी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुधार न होते देख उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय नीमच ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद शिवलाल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही जीरन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सोमवार सुबह जिला चिकित्सालय परिसर में मृतक का पोस्टमार्टम (पीएम) कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।शिवलाल की मौत से परिवार में गहरा शोक छा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से सांपों की सक्रियता बढ़ी है, जिससे लोग दहशत में हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
