श्योपुर। जन अभियान परिषद के तत्वावधान में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विजयपुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व विकास पाठ्यक्रम (सीएमसीएलडीपी) के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वरिष्ठ समाजसेवी देवेंद्र उदैया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती नेहा सिंह द्वारा की गई। विशिष्ट अतिथि के रूप में परीक्षित धाकड़ उपस्थित रहे। अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, साहस एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने जनजातीय लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में परामर्शदाता राकेश जाटव, श्रीमती प्रियंका मौर्य एवं दौजीराम जाटव सहित सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
