ढाका, 24 सितंबर (वार्ता) बंगलादेश की अंतरिम सरकार ने देश के सभी मंडलों, जिलों और उपजिलों में सरकारी समितियों का पुनर्गठन और उन्हें अपडेट करने का आदेश दिया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग से जुड़े सभी व्यक्तियों को इन नवगठित समितियों से पूरी तरह बाहर कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के 18 अगस्त को जारी एक निर्देश में सभी मंत्रालयों, विभागों, निदेशालयों, एजेंसियों और जिला प्रशासनों को मौजूदा समितियों की समीक्षा करने और उनकी सदस्यता को अपडेट करने का निर्देश दिया गया था। इसके तहत विशेष रूप से उपायुक्तों की अध्यक्षता वाली 98 प्रमुख समितियों के पुनर्गठन को प्राथमिकता दी गयी है। निर्देश में हालांकि किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन हर पुनर्गठित समिति में तीन प्रमुख स्थानीय लोगों को शामिल करने का आदेश दिया गया है, जिनमें कम से कम एक महिला का होना अनिवार्य है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कई समितियां वर्षों पहले बनायी गयी थीं और लंबे समय से अपडेट नहीं की गयी थीं। आठ अगस्त 2024 को मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के सत्ता संभालने के बाद, पूर्ववर्ती अवामी लीग सरकार के दौरान नियुक्त कई सदस्य या तो छिपे हुए हैं या देश छोड़कर चले गये हैं। इसके कारण इन समितियों का कामकाज ठप पड़ गया था, जिससे उनका पुनर्गठन करना प्रशासनिक रूप से अनिवार्य हो गया था।
पुनर्गठित की जा रही इन समितियों में उर्वरक और बीज निगरानी, कृषि विकास, धान खरीद, स्वतंत्रता सेनानी सत्यापन, युवा विकास और रियायती खाद्य कार्यक्रम के डीलर नियुक्त करने वाली संस्थाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने अधिकारियों को 15 सितंबर तक पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी कर अपडेट जानकारी सौंपने का निर्देश दिया था, जिसके बाद मैदानी स्तर पर यह प्रशासनिक बदलाव लागू किया जा रहा है।
