
खिलचीपुर। खिलचीपुर की एक विवाहिता ने अपने पति, जेठानी और उनके दो बेटों पर लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाया है. पीडिता का कहना है कि घटना के बाद उसने राजस्थान के अकलेरा थाने में शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई. वहीं, खिलचीपुर पुलिस ने भी घटना राजस्थान में होने का हवाला देते हुए मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया.
सोमवारिया निवासी बबली बी ने बताया कि करीब नौ वर्ष पूर्व उसकी शादी राजस्थान के झालावाड़ जिले के अकलेरा निवासी बदरुद्दीन शाह से हुई थी. दंपती का एक आठ वर्षीय पुत्र बिलाल राजा है. शनिवार सुबह करीब 8 बजे वह घर में कपड़े सुखा रही थी. इसी दौरान उसकी जेठानी ने कपड़े वहां नहीं सुखाने की बात कही. जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. महिला का आरोप है कि विवाद बढऩे पर उसके पति बदरुद्दीन शाह ने उसे पकड़ लिया, जबकि जेठानी और उसके दो बेटों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी.
जिससे उसके हाथ, पैर और कमर में चोटें आई हैं. घटना के बाद उसके पुत्र बिलाल ने फोन कर खिलचीपुर में रह रही अपनी नानी हसीना बी को पूरी जानकारी दी और मदद के लिए बुलाया.
वह घायल बेटी को लेकर थाने गईं. परिवार का आरोप है कि वहां पुलिस ने न तो शिकायत दर्ज की और न ही मेडिकल परीक्षण कराया. काफी देर इंतजार के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर वे वापस खिलचीपुर लौट आए.
रविवार को पीडि़ता अपने माता-पिता के साथ खिलचीपुर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराने की मांग की. महिला का आरोप है कि यहां भी पुलिस ने यह कहते हुए मामला दर्ज नहीं किया कि घटना राजस्थान में हुई है, इसलिए शिकायत वहीं दर्ज करानी होगी. फिलहाल पीडि़त परिवार न्याय की मांग कर रहा है.
