सूने घर में लगी आग से खाक हुई गृहस्थी

सतना। जिले के नागौद थाना क्षेत्र के घोरहटी गांव में गुरुवार दोपहर एक सूने कमरे में अचानक आग लग गई। इस घटना में घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लगभग 2 लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। घटना के समय मकान मालिक रवि प्रताप सिंह दिल्ली में थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे अपने मायके गए थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रवि प्रताप सिंह दिल्ली में एक प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी कोमल सिंह अपने बच्चों के साथ पिछले दो महीने से मायके भाद में रह रही थीं। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे कोमल की पड़ोसी पिंकी सिंह ने उन्हें फोन पर कमरे में आग लगने की सूचना दी।

घबराई कोमल ने तत्काल पड़ोसियों से मदद मांगी। पड़ोसियों ने कमरे का ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक कमरे में रखा अनाज, टीवी, पंखा, कुर्सी-टेबल, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल चुके थे। कोमल भी सूचना मिलने पर मायके से घोरहटी पहुंच गईं।

आशंका- जानबूझकर आग लगाई

कोमल ने आगजनी की जानकारी अपने पति रवि सिंह को दी। रवि सिंह ने आशंका जताई कि उनके कमरे में जानबूझकर आग लगाई गई है। इस घटना की रिपोर्ट नागौद थाने में दर्ज करा दी गई है और पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच कर रही है। रवि सिंह ने बताया कि उनका पारिवारिक संपत्ति विवाद चल रहा है। इसी वजह से उनकी पत्नी और बच्चे दो महीने से मायके में रह रहे थे और कमरा हमेशा बंद रहता था।

Next Post

संवेदना की छांव: ग्राम करेर पहुंचे CM डॉ. मोहन यादव, बस हादसे के पीड़ित परिवारों से की मुलाकात।

Fri Mar 27 , 2026
सोंसर/मोहखेड़। ​मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मोहखेड़ तहसील के ग्राम करेर पहुंचे, जहाँ उन्होंने कल हुई बस दुर्घटना के मृतकों के शोकाकुल परिजनों से व्यक्तिगत रूप से भेंट की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया और गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें हर संभव शासकीय सहायता का आश्वासन […]

You May Like