
शाजापुर। शहर से कुछ दूरी पर ग्राम लोंदिया स्थित एक पुरानी फैक्ट्री परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही और लंबे समय से स्क्रैप नहीं हटाए जाने को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं. फैक्ट्री की लीज अवधि समाप्त होने के बाद स्क्रैप हटाने का ठेका अन्य राज्यों के कुछ लोगों को दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी परिसर में बड़ी मात्रा में सामग्री मौजूद है.
जानकारी के अनुसार आक्या चौहानी रोड स्थित यह फैक्ट्री कई एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है और पूर्व में यहां एक गेस्ट हाउस भी बनाया गया था. वर्तमान में फैक्ट्री परिसर में कुछ लोग रहकर स्क्रैप हटाने का काम कर रहे हैं. आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि परिसर में आने-जाने वाले लोगों और वहां चल रही गतिविधियों की स्पष्ट जानकारी नहीं है, इसलिए प्रशासन को इसकी जांच करनी चाहिए.
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि फैक्ट्री का मुख्य गेट अक्सर बंद रहता है, जिससे अंदर की गतिविधियों की जानकारी नहीं मिल पाती. लोगों की मांग है कि सुरक्षा की दृष्टि से परिसर में रहने वाले लोगों का सत्यापन कराया जाए और यह पता लगाया जाए कि वहां किस उद्देश्य से गतिविधियां संचालित हो रही हैं.
एक साल बाद भी नहीं हटा स्क्रैप
बताया जाता है कि फैक्ट्री का स्क्रैप हटाने के लिए ठेका दिया गया था और इसे एक निश्चित अवधि में पूरा किया जाना था, लेकिन समय सीमा गुजरने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ है. स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस मामले की निगरानी कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.
उद्योग विभाग ने दी जानकारी
उद्योग विभाग के अनुसार फैक्ट्री की पुरानी लीज समाप्त हो चुकी है. स्क्रैप हटाने के लिए नियमानुसार प्रक्रिया के तहत कुछ लोगों को ठेका दिया गया था. विभाग का कहना है कि वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इनका कहना है
लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन मुजाल्दे ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में रहने वाले लोगों और वहां चल रही गतिविधियों की जानकारी जुटाई जाएगी. सुरक्षा की दृष्टि से काम करने वाले लोगों के रिकॉर्ड का सत्यापन भी कराया जाएगा.
