इंदौर: लसुडिया थाना क्षेत्र की कनक एवेन्यू कॉलोनी में चोरी के प्रयास के मामले में लसुडिया पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों को एमआर-12 की निर्माणाधीन सुनसान सड़क से उस समय पकड़ा, जब वे दोबारा वारदात की फिराक में सफेद महिंद्रा बोलेरो में घूम रहे थे. पुलिस ने बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है.
थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि 24 जनवरी की रात कनक एवेन्यू निवासी अनिल जायसवाल के घर नकाबपोश बदमाशों ने मेन गेट का ताला तोड़कर घुसने की कोशिश की थी, लेकिन घरवालों के जागने पर आरोपी भाग निकले थे.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने पहले दो आरोपियों भदर सिंह और थावसिंह को पकड़ा, जिनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी ध्यान सिंह को भी गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपियों ने लसुडिया क्षेत्र की कई कॉलोनियों में सूने मकानों में चोरी करना स्वीकार किया है. पुलिस ने तीनों को प्रकरण में गिरफ्तार कर अन्य मामलों में भी कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि उनके फरार साथियों की तलाश जारी है.
